अंबाला में पति-पत्नी के रिश्तों में आई खटास सोशल मीडिया के ‘डिजिटल वॉर’ में बदल गई है। एक महिला ने अपने पति पर रंजिश के तहत मोबाइल नंबर बंद करवाकर उसके ईमेल, फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने का आरोप लगाया है। साइबर क्राइम पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना सेक्टर-9 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन महीने से अकाउंट्स पर पति का ‘कब्जा’ जानकारी अनुसार, जंडली निवासी ण्क महिला का अपने पति शिवम के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत पहले से ही सेक्टर-9 थाने में लंबित है। महिला शादी के बाद से जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रही थी, वह उसके पति के नाम पर पंजीकृत था। उसी से महिला के सभी मुख्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जुड़े थे। महिला का आरोप है कि 10 जून को पति ने धोखे से वह नंबर बंद करवा दिया। इसके तुरंत बाद उसकी ईमेल आईडी, फेसबुक और इंस्टाग्राम के पासवर्ड बदल दिए गए। इसके बाद तीन महीनों से महिला अपनी ही डिजिटल पहचान से बेदखल है। साइबर सेल ने जांच में खोली पोल महिला द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले को साइबर क्राइम सेल के पास तकनीकी जांच के लिए भेजा गया था। साइबर सेल की जांच रिपोर्ट में अकाउंट्स के पासवर्ड बदलकर उनका एक्सेस छीनने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलते ही थाना सेक्टर-9 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि यह हैकिंग पति ने खुद की है या किसी तीसरे व्यक्ति की मदद ली है।

