जोमैटो की मूल कंपनी इटरनल अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारोबार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी के फाउंडर और वाइस चेयरमैन दीपिंदर गोयल ने एक नए AI प्रोडक्ट Dark.ai को लॉन्च करने के संकेत दिए हैं। हालांकि, Dark.ai का इस्तेमाल किस काम में होगा, इसे कौन इस्तेमाल कर सकेगा और इससे कंपनी की कमाई का मॉडल क्या होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। नए प्रोडक्ट के जरिए इटरनल अपने मौजूदा कारोबार से आगे बढ़कर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाश सकती है।
पहले से AI बिजनेस में है इटरनल
इटरनल इससे पहले Nugget नाम का एआई बेस्ड कस्टमर सपोर्ट प्लेटफॉर्म लॉन्च कर चुकी है। इसकी खासियत यह है कि कंपनियां बिना कोडिंग किए अपने कस्टमर सर्विस से जुड़े कई काम ऑटोमेट कर सकती हैं। इससे ग्राहकों की शिकायतों और सवालों का जवाब देने की प्रक्रिया आसान बनाने में मदद मिलती है।
Nugget का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों में Dream11, Shaadi.com, Shiprocket, Kuku FM, The Souled Store और Supertails जैसी कंपनियां शामिल हैं। अब Dark.ai के संभावित लॉन्च से यह सवाल उठ रहा है कि इटरनल AI सेक्टर में किस तरह आगे बढ़ना चाहती है। क्या कंपनी अपने कारोबार को बेहतर बनाने के लिए ऐसे टूल तैयार करेगी या दूसरी कंपनियों को भी ये सेवाएं बेचकर कमाई करेगी? फिलहाल इसका जवाब मिलना बाकी है।
Zomato, Blinkit और District चलाती है इटरनल
इटरनल केवल फूड डिलीवरी कारोबार तक सीमित नहीं है। कंपनी के तहत कई डिजिटल प्लेटफॉर्म काम करते हैं।
Zomato: ऑनलाइन फूड ऑर्डर और डिलीवरी सर्विस
Blinkit: कुछ ही मिनटों में रोजमर्रा का सामान पहुंचाने वाला क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म।
District: इवेंट, मनोरंजन और टिकट बुकिंग से जुड़ी सेवाएं।
Hyperpure: रेस्टोरेंट को जरूरी सामान और किराना उत्पाद उपलब्ध कराने वाला बिजनेस-टू-बिजनेस प्लेटफॉर्म।
कंपनी इन प्लेटफॉर्म्स पर तकनीक का इस्तेमाल डिलीवरी को बेहतर बनाने, ग्राहकों को अच्छी सर्विस देने और खर्च कम करने के लिए करती है। AI प्रोडक्ट्स के जरिए वह अपनी तकनीकी क्षमता का इस्तेमाल दूसरे कारोबारों की जरूरतें पूरी करने में भी कर सकती है।
Deepinder Goyal के दूसरे टेक्नोलॉजी प्रोजेक्ट भी चर्चा में
दीपिंदर गोयल की दिलचस्पी केवल इटरनल के कारोबार तक सीमित नहीं है। वे दूसरी नई तकनीकी कंपनियों पर भी काम कर रहे हैं। इनमें Temple नाम का हेल्थटेक वियरेबल डिवाइस प्रोजेक्ट शामिल है, जिसे जल्द आम लोगों के लिए लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा, वे जोमैटो के पूर्व सीओओ सुरोभी दास के साथ मिलकर एविएशन स्टार्टअप LAT Aerospace पर भी काम कर रहे हैं।

