ललितपुर में होली खेलते समय एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर सुम्मेरा तालाब पर हुई। युवक अपने दोस्तों के साथ होली खेल रहा था, तभी वह अचानक तालाब में गिर गया। मृतक की पहचान कोतवाली सदर अंतर्गत नझाई बाजार निवासी 18 वर्षीय शुभम पुत्र संतोष सिंघाई के रूप में हुई है। शुभम अपने दोस्तों के साथ तालाबपुर स्थित सुम्मेरा तालाब पर था। जब वह तालाब में गिरा, तो उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और उसे बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा कैसे हुआ।


