हरियाणा के नारनौल में बस स्टैंड के गेट पर रोडवेज बस से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लिया। जिसके बाद मृतक का नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। बीते कल बुधवार को गांव भगडाना निवासी सुरेश सुबह जयपुर में दवाई लेने के लिए घर से निकला था। परिजनों के अनुसार सुरेश नारनौल बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज की बस में जयपुर जाने के लिए सवार हुआ था। बस के बाहर निकलने पर उसे जानकारी मिली कि यह बस जयपुर नहीं बल्कि रेवाड़ी जा रही है। उतरते समय बिगड़ा संतुलन इस पर सुरेश ने बस चालक से बस रोकने का आग्रह किया। आरोप है कि चालक ने बस को पूरी तरह रोके बिना ही धीमी गति में चलती बस से सुरेश को उतार दिया। उतरते समय सुरेश संतुलन बिगड़ने से बस की खिड़की के पास से नीचे गिर गया। इसी दौरान चालक ने लापरवाही बरतते हुए बस की रफ्तार बढ़ा दी, जिससे सुरेश बस के पिछले हिस्से के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को मिली सूचना घटना की सूचना सुबह करीब 8:30 बजे परिजनों को मिली, जिसके बाद मृतक का चचेरा भाई मुकेश कुमार मौके पर पहुंचा और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। मुकेश कुमार ने शहर थाना नारनौल में शिकायत देकर रोडवेज बस चालक के खिलाफ तेज गति, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


