संभल के गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट शनिवार रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के लगभग दो घंटे बाद पेट्रोलिंग के दौरान रेलवे पटरी पर उसका शव मिला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यह घटना जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव अचलपुर अंडरपास के पास हुई। शनिवार रात करीब 12:50 बजे बांदीकुई एक्सप्रेस ट्रेन यहां से गुजरी थी, जिसकी चपेट में आने से युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। उसके सिर के सात टुकड़े हो गए और एक पैर भी शरीर से अलग हो गया था। थाना पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी के प्रभारी सुनील कुमार ने अपनी टीम के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन शनिवार दोपहर 3 बजे तक उसकी कोई पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने पहचान के लिए शव और कपड़ों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि गांव अचलपुर के निकट गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास स्थित रेलवे पटरी पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है और उसे सुरक्षित पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि तस्वीरें जगह-जगह सर्कुलेट की गई हैं, ताकि जल्दी ही उसकी पहचान हो सके और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम सहित अग्रिम कार्रवाई की जा सके।


