धौलपुर में खेत की ओर जा रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब युवक आगरा की ओर जाने वाली रेलवे पटरी पार कर रहा था। अचानक आई ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल जीआरपी चौकी पुलिस को सूचित किया। जीआरपी हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया। बाद में सोशल मीडिया के जरिए युवक की पहचान हुई। मृतक की पहचान गडरपुरा निवासी सत्येंद्र (25 वर्ष) पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सत्येंद्र खेतों पर काम करने के लिए जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


