झांसी में मंगलवार की शुरुआत उमस और गर्मी के साथ हुई। सुबह अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। जिले के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सोमवार को झांसी 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए बारिश होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन बारिश के बाद निकली तेज धूप और बढ़ी उमस ने परेशानी और बढ़ा दी। गर्म हवाओं और चिपचिपी गर्मी के कारण लोग दिनभर बेहाल नजर आए।
उमस का असर इतना अधिक रहा कि कूलर और पंखे भी खास राहत नहीं दे सके। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दी, जबकि लोग धूप से बचने के लिए छांव और ठंडे स्थानों का सहारा लेते रहे।
मंगलवार सुबह से शहर में बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हो रही है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार दिन चढ़ने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।


