World Cup 2027 Qualified Teams: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2027 के लिए 10 टीमें तय हो चुकी हैं। इस टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसके लिए 4 टीमें क्वालीफायर के जरिए यहां पहुंचेंगी। अफगानिस्तान ने सोमवार की रात आयरलैंड को हराकर अपना स्थान पक्का कर लिया। अफगानिस्तान के वर्ल्डकप में एंट्री मारते ही वेस्टइंडीज का सपना टूट गया। अफगानिस्तान के अलावा दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को भी सीधी एंट्री मिली है, जो नामीबिया के साथ वर्ल्डकप की संयुक्त मेजबानी करेंगे।
रैंकिंग के आधार पर मिली एंट्री
अफगानिस्तान के अलावा भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान की टीमों को रैंकिंग के आधार पर सीधे एंट्री मिल गई हैं। ये सभी टीमें टॉप 9 में जगह बनाने में सफल रहीं। अफगानिस्तान ने 2023 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल की दहलीज पर कदम रख दिया था लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की धमाकेदार पारी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
जिम्बाब्वे की चमकी किस्मत
वर्ल्डकप 2027 का सह मेजबान होने के नाते जिम्बाब्वे की किस्मत चमक गई है और उसे टूर्नामेंट में सीधी एंट्री मिली है। अगर जिम्बाब्वे मेजबानी नहीं कर रहा होता और वर्ल्डकप का मेजबान सिर्फ साउथ अफ्रीका होता, तो फिर वेस्टइंडीज को सीधी एंट्री मिल जाती और जिम्बाब्वे को क्वालीफायर खेलना होता।
वर्ल्डकप 2023 से चूकने के बाद वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराकर अगले सीजन की शानदार शुरुआत की। लेकिन ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड से सीरीज हारने के बाद उसकी उम्मीदें धुंधली होती चली गईं। 2023 वनडे क्रिकेट वर्ल्डकप के बाद कैरेबियन टीम का 50 ओवर गेम में बुरा हाल रहा है। उसने 12 में से सिर्फ 4 सीरीज जीती हैं और एक ड्रॉ रहा है। यही वजह है कि टीम रैंकिंग में सुधार नहीं कर पाई और सीधी एंट्री से चूक गई।
क्रिकेट वर्ल्डकप की चैंपियंस
1975 में पहली बार वनडे क्रिकेट वर्ल्डकप का आयोजन हुआ था, जब वेस्टइंडीज ने खिताब पर कब्जा किया था। इसके बाद 1979 में भी उसने दबदबा कायम रखते हुए खिताब डिफेंड किया। 1983 में टीम इंडिया चैंपियन बनी, जिसने फाइनल में वेस्टइंडीज की ही हराया था। 1987 में ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार खिताब जीता, तो 1992 में पाकिस्तान चैंपियन बना। 1996 में श्रीलका ने बाजी मारी और 1999 में ऑस्ट्रेलिया दूसरी बार चैंपियन बना। 2003 और 2007 में भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिला। 2011 में भारतीय टीम दूसरी बार चैंपियन बनी लेकिन 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने फिर से ट्रॉफी अपने पास रख ली। 2019 में इंग्लैंड पहली बार विश्वचैंपियन बना औप 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने फिर से बाजी मार ली।


𝐙𝐢𝐦𝐛𝐚𝐛𝐰𝐞
𝐍𝐚𝐦𝐢𝐛𝐢𝐚 
