Nigar Sultana: महिला टी-20 एशिया कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर से हाथ नहीं मिलाने को लेकर बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना विवादों में आ गई हैं। बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना के इस फैसले पर अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का बयान सामने आया है। BCB की महिला समिति के चेयरमैन रफीकुल इस्लाम बाबू ने इस पूरे मामले से पल्ला झाड़ते हुए साफ किया कि यह बोर्ड का फैसला नहीं था, बल्कि कप्तान निगार सुल्ताना का निजी फैसला था।
रफीकुल इस्लाम बाबू ने इस संबंध में कहा कि खेल दुनिया को साथ लाते हैं। भारत समेत सभी देशों के साथ हम दोस्ताना रिश्ते चाहते हैं। उन्होंने कहा कि निगार सुल्ताना ने जो कुछ भी किया, वह पूरी तरह से उनका निजी फैसला था।
उन्होंने आगे बताया कि बोर्ड अध्यक्ष से इस पूरे मामले पर चर्चा की गई है। बोर्ड अध्यक्ष फिलहाल एशियन गेम्स को लेकर व्यस्त हैं। एशियन गेम्स खत्म होने के बाद स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि एशियन गेम्स में टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि एशियन गेम्स के बाद बांग्लादेश की कप्तान के तौर पर निगार सुल्ताना के भविष्य को लेकर निर्णय लिया जाएगा। उनके खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी दर्ज की गई हैं।
क्या है पूरा मामला
महिला टी-20 एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद यह मामला विवाद में आ गया। फिलहाल, इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है।
भारत ने महिला टी-20 एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला 13 सितंबर को श्रीलंका से होगा।
गौरतलब है कि पिछले साल मेंस एशिया कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इसके चलते दोनों टीमों और खेल प्रशंसकों के बीच तनाव बढ़ गया था। भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।

