महिला चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़:पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, गिरोह में ऑटो चालक भी

महिला चेन स्नेचिंग गैंग का भंडाफोड़:पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, गिरोह में ऑटो चालक भी

ग्वालियर की महाराजपुरा थाना पुलिस ने मंदिर जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक चेन स्नेचिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष ऑटो चालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब साढ़े तीन लाख रुपए की तीन सोने की चेन भी बरामद की हैं। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब शताब्दीपुरम स्थित दंदरौआ धाम मंदिर में 13 जनवरी की सुबह करीब 11:00 बजे दर्शन करने गईं मुन्नीदेवी शर्मा और उमा देवी राजावत के गले से एक साथ सोने की चेन चोरी हो गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह ने महाराजपुरा टीआई यशवंत गोयल को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी। टीआई यशवंत गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो महिलाएं अन्य श्रद्धालुओं के गले पर हाथ फेरती हुई दिखाई दीं। इसके बाद वे मंदिर से कुछ दूरी पर खड़े एक ऑटो में बैठकर जलालपुर की ओर फरार हो गईं। पुलिस ने इस रूट पर लगे करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, जिससे ऑटो का नंबर ट्रेस हो गया। ऑटो नंबर के आधार पर पुलिस जलालपुर तक पहुंची और गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सदस्यों में दो महिलाएं और एक ऑटो चालक शामिल है। चार दिन की कड़ी मशक्कत के बाद जलालपुर से रंजीता उर्फ विक्टोरिया पति देवू राण, गुंजा उर्फ भिंडी पति प्रकाश राव तथा ऑटो चालक हरिकिशन लोधी पुत्र नारायण लोधी को पकड़ा है। ऑटो जब्त करने के साथ सोने की चेन बरामद कर ली है। गले से चेन चोरी करने वाली महिलाएं भिंडी मराठा हैं और पिछले काफी वर्षों से यह जलालपुर में रह रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे मंदिर जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे और चेन चोरी कर ऑटो से फरार हो जाते थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई तीनों सोने की चेन बरामद कर ली हैं। आरोपियों ने पड़ाव थाना क्षेत्र से भी एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने की वारदात कबूल की है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने इस सफलता के लिए महाराजपुरा थाना पुलिस की सराहना की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *