बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक महिला को पीटा गया और चप्पल-पत्थर फेंके गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, लेकिन पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। यह घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के उतरना गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव के अवधेश की एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो उस व्यक्ति ने अवधेश से गालीगलौज शुरू कर दी। जब अवधेश के परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो आरोपी के परिजन भी झगड़े में शामिल हो गए। उन्होंने अवधेश के परिजनों पर चप्पल और ईंट-पत्थर फेंके, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामले को शांत कराया। इस मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। हालांकि, मूसाझाग थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि उन्हें ऐसे किसी प्रकरण की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि होली का माहौल है और वे पेट्रोलिंग पर निकले हुए हैं।


