ऑटो में बैठे थे करण औजला, पुलिस ने रोका तो तुरंत किया ये काम, ड्राइवर की मदद कर फैंस का जीता दिल

ऑटो में बैठे थे करण औजला, पुलिस ने रोका तो तुरंत किया ये काम, ड्राइवर की मदद कर फैंस का जीता दिल

Karan Aujla Helps Mumbai Auto Driver: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के सुपरस्टार करण औजला इन दिनों अपने गानों के साथ-साथ दरियादिली को लेकर भी सुर्खियों में हैं। ‘पी-पॉप कल्चर’ इंडिया टूर के तहत देशभर में परफॉर्म कर रहे सिंगर ने मुंबई में ऐसा काम किया, जिसने उन्हें स्टेज से उतरकर भी लोगों का हीरो बना दिया।

मुंबई में पॉप सिंगर ने जीता दिल (Karan Aujla Helps Mumbai Auto Driver)

मुंबई पहुंचते ही करण औजला ने लग्जरी कार छोड़कर आम लोगों की तरह ऑटो रिक्शा में सफर करने का फैसला किया। लेकिन ये सफर एक खास मोड़ पर पहुंच गया जब रास्ते में ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो को रोक लिया। जांच में पता चला कि चालक पर पुराने ट्रैफिक चालान बकाया हैं।

स्थिति समझते ही औजला ने बिना देर किए अपनी टीम को निर्देश दिया कि ड्राइवर का पूरा बकाया भुगतान कर दिया जाए। बताया जा रहा है कि कुल रकम करीब 17 हजार रुपये थी। यह देखकर पास में मौजूद एक दूसरे ऑटो चालक ने भी अपनी समस्या बताई। उसके ऊपर भी जुर्माना बाकी था। सिंगर ने उसकी मदद करने में भी हिचकिचाहट नहीं दिखाई और अतिरिक्त 5 हजार रुपये भरवाए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो औजला की टीम ने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में सिंगर को ये कहते सुना गया कि वो लोगों की मदद करके खुशी महसूस करते हैं। उन्होंने दोनों चालकों को आगे से नियमों का पालन करने की सलाह भी दी।

जैसे ही वीडियो सामने आया, फैंस ने कमेंट सेक्शन में तारीफों की बौछार कर दी। करण के फैंस को उनका ये स्वीट जेस्चर काफी पंसद आया।

दिल्ली से शुरू हुआ धमाकेदार टूर (Karan Aujla Helps Mumbai Auto Driver)

करण औजला का ये टूर हाल ही में दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुआ, जहां हजारों की संख्या में फैंस उमड़े। स्टेडियम खचाखच भरा था और दर्शकों ने उनके हर गाने पर जमकर झूमते हुए साथ दिया।

औजला ने अपने लोकप्रिय ट्रैक्स जैसे ‘तौबा-तौबा’, ‘गैंगस्टर’, ‘बचके-बचके’, ‘बॉयफ्रेंड’ और ‘फॉर अ रीजन’ से माहौल को जोशीला बना दिया। शो में जिपलाइन एंट्री और आतिशबाजी ने इसे और भी खास बना दिया। हालांकि, कुछ दर्शकों ने आयोजन को लेकर अव्यवस्था की शिकायतें भी कीं, लेकिन सिंगर की परफॉर्मेंस को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ।

आगे इन शहरों में होगा धमाका

दिल्ली के बाद औजला मुंबई में परफॉर्म कर चुके हैं। अब उनका काफिला पुणे, चंडीगढ़, इंदौर और बेंगलुरु जैसे शहरों की ओर बढ़ेगा। हर शहर में टिकटों की जबरदस्त डिमांड देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *