गाली देने से रोका तो बुजुर्ग पर टूट पड़े दबंग, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की हत्या, घर में पसरा मातम

गाली देने से रोका तो बुजुर्ग पर टूट पड़े दबंग, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की हत्या, घर में पसरा मातम

Kanpur Crime News: कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया गांव के बाजार में एक छोटी सी बात पर बुजुर्ग की क्रूर पिटाई कर दी गई। 75 साल के चंद्रपाल नाम के व्यक्ति को गाली-गलौज रोकने पर लाठी, डंडे, सरिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के एक दिन बाद बुधवार को उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

कैसे शुरु हुआ विवाद?

शाहजहांपुर निनाया गांव निवासी चंद्रपाल मंगलवार शाम करीब 6 बजे बाजार गए थे। वहां कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चंद्रपाल ने गाली देने से मना किया तो बात बढ़ गई। गांव के ही कुछ दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया। उनकी पत्नी रामजानकी ने बताया कि अचानक कई लोग एक साथ टूट पड़े और बुजुर्ग को लाठी-डंडों से पीटने लगे।

अस्पताल ले गए लेकिन घर भेज दिया

परिवार ने घायल चंद्रपाल को तुरंत गजनेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां डॉक्टर सिद्ध गोपाल शर्मा ने उनका इलाज किया। डॉक्टर ने चोटों को सामान्य बताकर उन्हें घर भेज दिया। लेकिन रात में हालत अचानक बिगड़ गई। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे चंद्रपाल की हालत और खराब हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। पूरे परिवार में कोहराम मच गया। होली के त्योहार के आसपास यह घटना होने से गांव में सदमा फैल गया।

पुलिस में शिकायत, पांच पर मुकदमा

मृतक चंद्रपाल के बेटे ने थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के संतोष, कल्लू, विजय और दो अन्य अज्ञात लोगों ने उनके पिता को लाठी-डंडे, सरिया और लात-घूंसों से जमकर पीटा, जिससे मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत गैर-इरादतन हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गांव वालों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *