West Bengal politics: भाजपा में शामिल हो रहे तृणमूल नेताओं को चेतावनी, वसूली की तो अंडा पड़ेगा

West Bengal politics: भाजपा में शामिल हो रहे तृणमूल नेताओं को चेतावनी, वसूली की तो अंडा पड़ेगा

West Bengal BJP: भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के लिए वसूली से दूर रहने की चेतावनी वाला पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में कहा गया है कि वसूली करने वालों को ‘अंडा थेरेपी’ का सामना करना पड़ेगा। 

साल्टलेक। करुणामयी चौराहे पर वसूली और पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने के विरोध में एक पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा है कि पार्टी का तृणमूलीकरण हो रहा है, इसलिए वसूली हो रही है। इसमें नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अगर कोई भाजपा में शामिल होकर वसूली करता है तो उसे ‘अंडा थेरेपी’ का सामना करना पड़ेगा।

भाजपा नेताओं को भी चेतावनी

सॉल्टलेक इलाके के भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय पोइरा ने यह पोस्टर लगाया है। इसमें दूसरी पार्टियों के नेताओं के भाजपा में शामिल होने को लेकर चिंता जताई गई है। उन्होंने कहा कि यह चेतावनी भाजपा के उन नेताओं पर भी लागू हो सकती है जो वसूली में शामिल हैं। संजय पोइरा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने सिंडिकेट, वसूली और ‘कट मनी’ यानी अवैध कमीशन के खिलाफ वोट दिया है। इसलिए अभी भाजपा के दरवाजे कुछ हद तक खुले हैं। इसके पीछे राष्ट्रीय हित में राजनीतिक हिसाब-किताब हो सकता है, लेकिन जो लोग तृणमूल कांग्रेस से इस खुले दरवाजे के रास्ते भाजपा में आ रहे हैं, उनमें से कई वसूली और कट मनी लेने में शामिल रहे हैं।

‘अंडों का सामना करना पड़ेगा’

उन्होंने सरकार बदलने के बाद भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को चेतावनी दी कि वे वसूली से दूर रहें। उन्होंने कहा कि इसी तरह की गतिविधियों के कारण पिछली सरकार को सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा, हम अंडा थेरेपी का सहारा नहीं लेना चाहते। हम नेताओं को चेतावनी देना चाहते हैं कि पश्चिम बंगाल में इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संजय पोइरा ने कहा कि वसूली और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। अगर कोई नेता वसूली में शामिल पाया जाता है तो उसे अंडों का सामना करना पड़ेगा।

भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर कार्रवाई : शमिक

राज्य विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बदलने पर पुलिस ने वसूली, मारपीट, छेड़छाड़ और डराने-धमकाने जैसे आरोपों में बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, पूर्व मंत्रियों और पार्षदों को गिरफ्तार किया। ज्यादातर मामलों में पुलिस जब इन नेताओं को ले जा रही थी, तब गुस्साई भीड़ ने उन पर अंडे फेंके। कई मौकों पर गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर अंडे फेंकते हुए लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे भी लगाए। हाल ही में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में वसूली को पूरी तरह रोकने में नई सरकार को कुछ समय लगेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *