West Bengal Bypolls: डाक मतपत्रों में Nandigram और रेजीनगर से भाजपा उम्मीदवार आगे

West Bengal Bypolls: डाक मतपत्रों में Nandigram और रेजीनगर से भाजपा उम्मीदवार आगे

कोलकाता, नौ अक्टूबर पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव की शुक्रवार को जारी मतगणना में डाक मतपत्रों की गिनती के बाद आए रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हासिरानी रथ नंदीग्राम सीट पर और शाखारव सरकार रेजीनगर सीट पर आगे हैं। टीवी समाचार चैनलों ने यह जानकारी दी। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतों की गिनती शुरू हुई। इन केंद्रों में केवल निर्वाचन आयोग से अधिकृत पहचान-पत्र प्राप्त लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ था।

इस साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पश्चिम बंगाल के बदले राजनीतिक परिदृश्य में इन उपचुनावों को पहली चुनावी कसौटी के तौर पर देखा जा रहा है इसलिए इनके नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं। शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से जीत हासिल की थी और मुख्यमंत्री बनने के बाद भवानीपुर सीट बरकरार रखी, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव की जरूरत पड़ी। भाजपा ने नंदीग्राम में चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है।

चंद्रनाथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के दो दिन बाद छह मई को चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट उस समय खाली हुई जब 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नवादा दोनों सीट से जीतने वाले हुमायूं कबीर ने नवादा सीट बरकरार रखी।

उनकी पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) ने हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव मैदान में भाजपा के उम्मीदवार और मुर्शिदाबाद जिले के पूर्व अध्यक्ष शाखारव सरकार, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल धड़े के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी, तृणमूल के प्रतिद्वंद्वी धड़े के उम्मीदवार सफीउज्जमान शेख, कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सैयद असद अली शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *