DC vs RCB: कोहली को आईपीएल के इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 11 रनों की दरकार है। कोहली ने इस सीजन अबतक 7 पारियों में 54.67 की औसत से 328 रन बना लिए हैं।
Virat Kohli Record, Delhi Capitals vs Royal Challengers Bengaluru, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 39वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में आरसीबी के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के पास एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका है।
9 हज़ार रन पूरे कर लेंगे कोहली
विराट कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 274 मैचों की 266 पारियों में 39.95 की औसत से 8989 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 66 अर्धशतक और 8 शतक निकले हैं, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 133.77 रहा है। अगर कोहली इस मैच में मात्र 11 रन बना लेते हैं, तो वे आईपीएल में 9000 रनों का आंकड़ा छू लेंगे।
दिल्ली में जमकर बोलता है कोहली का बल्ला
दिल्ली कोहली का होम ग्राउंड माना जाता है और यहां उनका बल्ला हमेशा खूब बोलता रहा है। अरुण जेटली स्टेडियम में कोहली का औसत 66.8 का रहा है, जिसमें उन्होंने 11 पारियों में 7 अर्धशतक जड़े हैं। आईपीएल के अलावा, टी20 क्रिकेट में भी विराट कोहली एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने की कगार पर हैं। उन्हें भारत में 10,000 टी20 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 68 रनों की जरूरत है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
आईपीएल में रनों के मामले में विराट कोहली काफी आगे हैं। कोई भी अन्य खिलाड़ी अभी 8000 रनों के करीब भी नहीं पहुंच पाया है। कोहली के बाद रोहित शर्मा 7046 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि शिखर धवन 6769 और डेविड वार्नर 6565 रनों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
कोहली का बेहतरीन फॉर्म
इस सीजन कोहली शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। उन्होंने अब तक 7 मैचों की 7 पारियों में 54.67 की औसत से 328 रन बना लिए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 163.18 का रहा है। वे ऑरेंज कैप की रेस में छठे नंबर पर हैं।
Sports – Patrika | CMS


