बागपत जनपद के ग्राम बसा टीकरी में देशी शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने एक पंचायत का आयोजन किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर ठेका खोलने का कड़ा विरोध जताया और प्रशासन से इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की। पंचायत को संबोधित करते हुए राजेंद्र सिंह शास्त्री ने कहा कि गांव में शराब का ठेका खुलने से युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ेगा। इससे उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है और गांव का माहौल भी खराब होगा, जिससे सामाजिक समस्याएं बढ़ेंगी। तेजपाल आर्य बसी, अजीत आचार्य, रवि शास्त्री और एडवोकेट सोमेंद्र ढाका सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने समाज से नशे को खत्म करने के लिए जागरूकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। पंचायत की अध्यक्षता ब्रह्मपाल ने की, जबकि संचालन शंशाक त्यागी ने किया। इस दौरान जगपाल सिंह, रेखा, बबीता, मंजू, रिंकी, सरिता, सर्वेश और सविता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कहा कि वे गांव के हित में शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि गांव की शांति और युवाओं के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।


