बिना सिर वाले भूत संग अक्षय कुमार का वीडियो वायरल:सरकटे के साथ एक्टर का ठहाका, सवाल: क्या भूत सच में होते हैं?

बिना सिर वाले भूत के साथ ठहाके लगाते अक्षय कुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वायरल क्लिप में अक्षय एक सरकटे प्रेत के साथ टहलते नजर आते हैं और बेहद गंभीर अंदाज में उससे पूछते हैं-“क्या भूत सच में होते हैं?” इसके बाद जो जवाब मिलता है, वह डर से ज्यादा हंसी पैदा करता है। भूत मजेदार अंदाज में जवाब देता है कि उसे खुद नहीं पता। वह हंसी-हंसी में कहता है कि उसके पिता ने उसकी मां से कहा था कि वह भूत है, जबकि मां का दावा था कि पिता भूत हैं। बड़ा कन्फ्यूजन है। आखिर में वह सबको अफवाह बताकर बात टाल देता है। दरअसल, यह प्रोमो अक्षय कुमार की अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ का है। फिल्म में डरावने माहौल के बीच कॉमेडी का तड़का देखने को मिलेगा। वीडियो देखकर साफ है कि मेकर्स ने प्रमोशन के लिए अलग और क्रिएटिव तरीका चुना है, जो दर्शकों की जिज्ञासा बढ़ा रहा है। अक्षय की सिग्नेचर कॉमिक टाइमिंग और सस्पेंस का मेल फिल्म के टोन की झलक देता है। फिल्म का पहला गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ पहले ही रिलीज हो चुका है और 55 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। गाने को भी सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खास बात यह है कि 14 साल बाद अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी फिर साथ आई है। ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’ जैसी आइकॉनिक कॉमेडी फिल्मों के बाद यह जोड़ी फिर से उसी अंदाज में दर्शकों को गुदगुदाने की तैयारी में है। फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसमें अक्षय कुमार के साथ वामीका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव नजर आएंगे। फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *