अहमदाबाद. गुजरात एसीबी की टीम ने 100 रुपए की रिश्वत लेते कालूपुर रेलवे स्टेशन पर कार्यरत चीफ कमर्शियल क्लर्क को रंगेहाथों पकड़ा है। एसीबी ने मंगलवार को बताया कि उन्हें इस संबंध में शिकायतें मिली थीं कि कालूपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के पास से रेलवे कर्मचारी टिकट के वैधानिक पैसों के अलावा अवैध रूप से 10 से 500 रुपए प्रति टिकट पर वसूल रहे हैं। इसके आधार पर टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को कालूपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग विंडो पर पहुंचने पर वहां कार्यरत चीफ कमर्शियल क्लर्क शिवकुमार यादव ने टिकट के पैसों के अलावा अतिरिक्त 100 रुपए की मांग की और उसे स्वीकारा। इस पर टीम ने उसे रंगेहाथों धर दबोचा।


