अहमदाबाद. जिले के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने सूचना के आधार पर सरदार पटेल रिंग रोड पर शीलज सर्कल से शीलज गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर दबिश देकर दो लोगों को 245 ग्राम हाइब्रिड गांजा के साथ पकड़ा। गांजे की कीमत 8.57 लाख रुपए है।
एसओजी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए आरोपियों में नवा वाडज में भीमजीपुरा निवासी यश चौहान (27) और सत्ताधार चार रास्ते के पास रहने वाला नीरज पटेल (42) शामिल है। इनके पास से एक दुपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन, 10 हजार रुपए की नकदी भी बरामद हुई। टीम को सूचना मिली थी कि दोपहर के समय नीरज और यश दोनों ही एक दुपहिया वाहन लेकर शीलज सर्कल से गांव की ओर गांजा की बिक्री करने जा रहे हैं। इस आधार पर टीम ने नजर रखी और दुपहिया वाहन पर निकले दोनों को टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ। इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।


