देवरिया में यूजीसी रेग्युलेशन 2026 के विरोध में समान न्याय संघर्ष समिति ने शनिवार को एक वाहन जुलूस निकाला। यह जुलूस जिले के विभिन्न मार्गों से होते हुए सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के आवास पर पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संसद में यूजीसी रेग्युलेशन के खिलाफ पर्याप्त आवाज नहीं उठाई जा रही है। उनका कहना था कि यह नीति भविष्य में छात्रों, विशेषकर सवर्ण समाज के बच्चों की शिक्षा और अवसरों को प्रभावित कर सकती है। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों से पार्टी लाइन से ऊपर उठकर छात्रों के हित में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।
जुलूस में शामिल प्रदर्शनकारी देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के बरपार स्थित आवास पर पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी की। हालांकि, सांसद उस समय दिल्ली में संसद की कार्यवाही में व्यस्त होने के कारण आवास पर मौजूद नहीं थे। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। यह वाहन जुलूस चंडिका छात्रावास क्षेत्र से शुरू हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर माल्यार्पण किया। इसके बाद रैली बैतालपुर, बरारी, बरपार, गौरी बाजार, रुद्रपुर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः चंडिका पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान नित्यानंद उपाध्याय, बंटी सिंह, रवि प्रकाश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, सचिता सिंह राणा, आनंद श्रीवास्तव, सोनू, धर्मेंद्र तिवारी, अमित तिवारी, सौरभ तिवारी, भानु ओंकार सिंह, बलविंदर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जुलूस के समापन के बाद चंडिका छात्रावास में कार्यकर्ताओं ने बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। समिति ने आगामी महापंचायत में बड़ी संख्या में लोगों से भागीदारी की अपील की है।


