Uttarakhand में भारी बारिश के बीच Char Dham Yatra में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 लाख पार

Uttarakhand में भारी बारिश के बीच Char Dham Yatra में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 लाख पार

उत्तराखंड में मानसून के दौरान खराब मौसम और अन्य चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम तक बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में करीब 50.87 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। हालांकि, इनमें चमोली जिले में स्थित सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में पहुंचे 3.26 लाख श्रद्धालु भी शामिल हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, बदरीनाथ में सबसे अधिक 17.47 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं, जबकि केदारनाथ में 15.03 लाख, गंगोत्री में 7.95 लाख और यमुनोत्री में 7.13 लाख श्रद्धालु भगवान के दर्शन को आ चुके हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हुई थी और नवंबर तक जारी रहने की संभावना है। सर्दियां शुरू होने के साथ चारों धामों के कपाट अलग-अलग तिथियों पर बंद कर दिए जाते हैं।

मानसून के दौरान भारी बारिश, भूस्खलन और अन्य मौसम संबंधी घटनाओं के कारण चारधाम यात्रा, खासतौर से केदारनाथ यात्रा कई बार प्रभावित हुई। इस सप्ताह भी भारी बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीड़बासा के पास भूस्खलन होने से यात्रा दो दिन से अधिक समय तक बाधित रही। मार्ग साफ किए जाने के बाद मंगलवार को यात्रा फिर शुरू कर दी गई।

सितंबर में श्रद्धालुओं की संख्या में मामूली बढ़ोतरी के साथ यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। पिछले कुछ दिनों से औसतन करीब तेरह हजार श्रद्धालु प्रतिदिन चारधाम पहुंच रहे हैं। पिछले दो-तीन वर्षों में भी चारधाम यात्रा में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

इस वर्ष भी यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने मानसून की चुनौतियों के बावजूद तीर्थाटन को गति दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *