US-Iran War: अमेरिकी हमलों में IRGC और बासिज के 7 लड़ाके ढेर, ईरानी संसद स्पीकर बोले- अमेरिका शैतान की तरह कर रहा कत्लेआम

US-Iran War: अमेरिकी हमलों में IRGC और बासिज के 7 लड़ाके ढेर, ईरानी संसद स्पीकर बोले- अमेरिका शैतान की तरह कर रहा कत्लेआम

US-Iran War: पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच ईरान के अलग-अलग प्रांतों और रणनीतिक ठिकानों पर अमेरिका के हवाई हमलों में 18 लोगों की मौत गई है। इन ताजा हमलों में आम नागरिकों के साथ-साथ ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के चार सदस्य और बासिज पैरामिलिट्री फोर्स के तीन लड़ाके भी मारे गए हैं। इन हमलों से आक्रोशित ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर घालिबाफ ने अमेरिका को ‘शैतान’ कहा है।

लावन द्वीप पर 3 बासिज लड़ाकों की मौत

ईरानी समाचार एजेंसी ‘मेहर’ के अनुसार, लावन द्वीप पर अमेरिकी हवाई हमलों में बासिज पैरामिलिट्री फोर्स के तीन सदस्य मारे गए। बासिज फोर्स IRGC की सीधी कमान के तहत काम करने वाली एक विंग है, जिसमें लगभग 4,50,000 सक्रिय सदस्य शामिल हैं। ईरान में बसीज की भूमिका खास तौर पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी रही है।

केरमानशाह में IRGC के 4 जवानों की मौत

इस बीच, ईरान की ‘फ़ार्स’ न्यूज एजेंसी द्वारा जारी IRGC के एक बयान के अनुसार, अमेरिकी सेना ने पश्चिमी प्रांत केरमानशाह में भी जबरदस्त बमबारी की। इस अमेरिकी हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स के चार जवान मारे गए। इन दोनों घटनाओं को मिलाकर, ईरान की खास सुरक्षा फोर्स के सात जवानों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

हवाई हमलों में 18 लोगों की मौत

ईरान में रात भर चले अमेरिकी हमलों में मरने वालों की कुल संख्या 18 हो गई है। दक्षिणी ईरान के कोहेस्ताक में एक मिसाइल एक रिहायशी घर पर गिरी जहां शादी की रस्म चल रही थी। इस हमले में एक मासूम बच्चे समेत कम से कम चार आम नागरिकों की मौत हो गयी। इसके अलावा, रणनीतिक रूप से संवेदनशील खुज़ेस्तान प्रांत में तीन अलग-अलग जगहों पर बमबारी में सात लोगों की जान चली गई। केरमानशाह और लावन द्वीप पर सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों में IRGC के चार और बासिज के तीन लड़ाके मारे गए।

ईरानी संसद के स्पीकर ने अमेरिका को कहा ‘शैतान’

अमेरिकी हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर घालिबाफ ने अमेरिका पर बच्चों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखते हुए, घालिबाफ ने कहा कि अगर कोई ताकत शैतान की तरह व्यवहार करती है, शैतान की तरह लक्ष्य चुनती है और शैतान की तरह हत्याएं करती है, तो असल में वह खुद शैतान ही है।

घालिबाफ ने मिनाब में एक प्राइमरी स्कूल पर हुए हमले का भी ज़िक्र किया, जहां ईरान के अनुसार, बड़ी संख्या में बच्चों समेत 150 से ज्यादा लोग मारे गए थे। उन्होंने सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान एक घर पर हुए हमले का भी उल्लेख किया, जिसमें कम से कम चार लोगों के मारे जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *