US Dollar के मुकाबले रुपया 3 पैसे फिसलकर 95.97 के स्तर पर पहुंचा

US Dollar के मुकाबले रुपया 3 पैसे फिसलकर 95.97 के स्तर पर पहुंचा

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ तीन पैसे टूटकर 95.97 प्रति डॉलर पर आ गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से सरकारी बैंकों द्वारा हाजिर और वायदा बाजार में डॉलर की बिक्री से रुपया 96.00 के स्तर से नीचे बना रहा। इसके अलावा, इस महीने करीब 2.2 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी की निकासी और अमेरिका में मजबूत बॉन्ड प्रतिफल से भी रुपये पर दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.87 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 95.97 तक टूट गया जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ 95.94 पर बंद हुआ था, जो 96 प्रति डॉलर के स्तर से थोड़ा ही ऊपर था।

इस बीच, दुनिया की छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत बढ़कर 101.40 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 190 अंक चढ़कर 72,733.04 अंक पर, जबकि निफ्टी 22 अंक की बढ़त के साथ 22,735.20 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.82 प्रतिशत बढ़कर 103.43 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 9,980.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *