पीलीभीत में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा सोमवार को जिले के छह निर्धारित केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश देने से पहले गहन जांच की गई। सुरक्षा दिशानिर्देशों के तहत, बेल्ट, पर्स, डिजिटल घड़ियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मुख्य गेट पर ही बाहर रखवा लिए गए। अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति मिली। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यह परीक्षा सोमवार, मंगलवार और बुधवार (तीन दिन) तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इस तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 13,884 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। जिले के छह प्रमुख केंद्र उपाधि महाविद्यालय, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। बाहरी जिलों जैसे बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, संभल, रामपुर, मुरादाबाद और लखीमपुर खीरी से आने वाले हजारों परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्टेशनों पर पीने के पानी, ठहरने और पंखे-कूलर की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तीन प्रमुख ट्रेनों (टनकपुर-पीलीभीत डेमू, पीलीभीत-डालीगंज पैसेंजर और बरेली सिटी-पीलीभीत डेमू) के समय में भी आंशिक बदलाव किया गया है ताकि उन्हें कोई असुविधा न हो।


