UP Defence Corridor: छह नोड्स में मिला 40,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव, बोले नंदी

UP Defence Corridor: छह नोड्स में मिला 40,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव, बोले नंदी

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने सोमवार को कहा कि प्रदेश ने संवाद, सुविधा और निरंतर सहयोग के माध्यम से निवेशकों के बीच भरोसा कायम किया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में ऐसा औद्योगिक माहौल विकसित किया जा रहा है, जहां निवेशकों को केवल निवेश के लिए आमंत्रित करने तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उद्योग स्थापित होने तक आवश्यक सहयोग भी दिया जाता है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे दिन उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के ‘फ्रॉम योर फैक्ट्री टू द फ्रंट लाइन’ नामक सत्र को संबोधित करते हुए नंदी ने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों और प्रमुख शहरों में आयोजित रोड शो तथा निवेशकों के साथ लगातार संवाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश के प्रति भरोसा बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विभिन्न देशों की भागीदारी भी इस बढ़ते संवाद और विश्वास को दर्शाती है। नंदी ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड (लखनऊ, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, अलीगढ़ और आगरा) में अब तक करीब 40,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि करीब 1,142 हेक्टेयर भूमि विभिन्न उद्योगों को आवंटित की जा चुकी है।

नंदी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें निवेशक को फाइल लेकर एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। निवेशक के प्रदेश में आने के बाद उसकी जरूरतों को समझकर संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय के जरिये समाधान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि निवेशक के लिए केवल जमीन उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है।

उसे नीति, संपर्क सुविधा, आधारभूत ढांचे, परीक्षण सुविधाओं, तकनीकी सहायता और अन्य आवश्यक मंजूरियों के संबंध में भी सहयोग मिलना चाहिए। नंदी ने कहा कि उद्योग और सरकार के बीच संबंध सहयोग और साझेदारी पर आधारित होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *