यूपी में 2011 से पहले भर्ती हुए 62 हजार से ज्यादा सरकारी शिक्षकों को स्पेशल TET देनी होगी। ये सभी जुलाई में हुई यूपी TET में पास नहीं हो सके। अब इनके पास 31 अगस्त, 2028 तक TET पास करने के कम से कम 6 मौके होंगे। इनमें यूपी शिक्षा चयन आयोग (UPESSC) की स्पेशल TET के 4 और केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 2 मौके शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कक्षा- 1 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए TET पास करना जरूरी किया है। सवाल यह है कि स्पेशल TET सामान्य TET से कितनी अलग होगी? पास नहीं कर पाए, तो क्या नौकरी पर असर पड़ेगा? रिपोर्ट पढ़िए… 62 हजार कार्यरत शिक्षक देंगे स्पेशल TET सामान्य TET उन लोगों के लिए होती है, जो शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करना चाहते हैं। जबकि स्पेशल TET उन शिक्षकों के लिए होगी, जो पहले से सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। लेकिन, अभी तक TET पास नहीं किया है। स्पेशल TET परीक्षा के लिए करीब 62 हजार कार्यरत शिक्षक ही आवेदन कर पाएंगे। सामान्य TET में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होते हैं। जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को पास होने के लिए कम से कम 90 अंक, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए 82 अंक जरूरी हैं। आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल TET में सभी कार्यरत शिक्षकों के लिए 82 अंक पासिंग मार्क्स रखने की तैयारी है। परीक्षा में 150 सवाल होंगे और कुल 150 अंक होंगे। सवाल सामान्य TET के मुकाबले आसान हो सकते हैं। सामान्य TET की तरह ही होंगे दो पेपर स्पेशल टीईटी में भी सामान्य यूपी TET की तरह 2 पेपर होंगे। पेपर-1: कक्षा- 1 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए होगा। इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि, पहली भाषा हिंदी, दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से किसी एक का चयन, गणित और पर्यावरण अध्ययन से सवाल होंगे। सभी विषयों से 30-30 अंकों के प्रश्न होंगे। पेपर-2: कक्षा- 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए होगा। इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि, पहली भाषा हिंदी, दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से किसी एक का चयन करना होगा। इसके अलावा गणित-विज्ञान या सामाजिक अध्ययन या सामाजिक विज्ञान में से एक विषय चुनना होगा। पहले तीन विषयों से 30-30 अंक और आखिरी विषय से 60 अंकों के सवाल होंगे। इस साल TET पास करने के 2 मौके मिलेंगे 62 हजार शिक्षकों के पास 2026 के अंत तक TET पास करने के 2 मौके हैं। पहला- केंद्र की CTET के लिए 1 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा सितंबर में हो सकती है। इसे पास कर लें। दूसरा- यूपी शिक्षा चयन आयोग की स्पेशल TET के लिए आवेदन करें। सितंबर के आखिरी हफ्ते या अक्टूबर के पहले पखवाड़े में आवेदन शुरू होंगे। इसे पास कर लें। टीईटी पास नहीं की तो क्या नौकरी चली जाएगी? सीबीएसई हर साल सीटीईटी कराता है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को भी कार्यरत शिक्षकों के लिए हर 6 महीने में TET कराने के निर्देश दिए हैं। यानी पहली स्पेशल TET में पास नहीं होने वाले शिक्षकों को आगे भी मौका मिलेगा। अगर इसके बाद भी कोई शिक्षक TET पास नहीं कर पाता है, तो उसकी सेवा अवधि के आधार पर फैसला होगा। 5 साल से ज्यादा की सेवा बची होने पर उसे जबरन सेवानिवृत्त किया जा सकता है। वहीं, 5 साल से कम की सेवा बचने पर नौकरी सुरक्षित रहेगी, लेकिन प्रमोशन का फायदा नहीं मिलेगा। दूसरे शिक्षक प्रमोशन पाकर बढ़े हुए वेतन का लाभ लेते रहेंगे। बाद में TET पास करने पर प्रमोशन मिल सकता है, लेकिन इसका फायदा TET पास करने वाले महीने से मिलेगा, पिछली तारीख से नहीं। यूपी में कितने शिक्षक बिना TET कार्यरत थे? यूपी में कक्षा- 1 से 8 तक पढ़ाने वाले 1 लाख 85 हजार 791 शिक्षक बिना TET पास किए कार्यरत थे। फरवरी- 2026 में सीटीईटी का रिजल्ट आया था। इसमें करीब 20 हजार शिक्षक पास हुए थे। वहीं, जुलाई में हुई यूपी TET में 1 लाख से ज्यादा शिक्षक पास हुए हैं। कुछ शिक्षक दोनों पेपर में पास हुए। करीब 62 हजार शिक्षक अभी TET पास नहीं कर पाए हैं। अब जानिए, पिछले 5 सालों में प्राइमरी और जूनियर TET में कितने अभ्यर्थी पास हुए- —————————– यह खबर भी पढ़ें- यूपी TET का रिजल्ट जारी, 62 हजार टीचर फेल, इनकी नौकरी बचाने के लिए सरकार विशेष परीक्षा कराएगी यूपी TET एग्जाम-2026 का रिजल्ट जारी हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बुधवार रात 9 बजे आंकड़े जारी किए। प्राइमरी (कक्षा 1 से 5 तक) और जूनियर (कक्षा 6 से 8) लेवल के एग्जाम में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी पास हुए हैं। पढ़िए पूरी खबर…

