रहस्यमय तरीके से लापता हुआ अल्ट्राटेक सीमेंट का इंजीनियर, पुलिस ने शुरू की छानबीन

रहस्यमय तरीके से लापता हुआ अल्ट्राटेक सीमेंट का इंजीनियर, पुलिस ने शुरू की छानबीन

प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र में स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के 54 वर्षीय इंजीनियर रविंद्र यादव 1 मार्च 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला तो शंकरगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है।

अपने आवास पर नहीं पहुंचे रविंद्र

जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र के अनपरा, रेनूसागर रोड निवासी रविंद्र कुमार यादव शंकरगढ़ स्थित कंपनी प्लांट में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। वह कंपनी की कॉलोनी में अकेले रहते थे। एक मार्च 2026 की रात करीब सवा आठ बजे वह फैक्ट्री से निकले थे। उन्होंने अपनी पत्नी से फोन पर बात करते हुए बताया था कि खाना खाने के बाद कमरे पर जा रहे हैं, लेकिन वह अपने आवास पर नहीं पहुंचे।

10 बजे की थी पत्नी से आखिरी बार बातचीत

पुलिस जांच में पता चला कि रविंद्र यादव नैनी रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग के साथ देखे गए थे। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 10 बजे वह प्लेटफॉर्म पर नजर आए। इसके बाद वह नैनी से अनपरा जाने वाली ट्रेन में बैठते हुए दिखे। रात करीब साढ़े 10 बजे उनकी पत्नी से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है।

चौकी इंचार्ज पीपीजीसीएल प्रभाकर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आगे उन्होंने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों से उनकी तलाश जारी है। इंजीनियर के अचानक लापता होने से परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हैं, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *