मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना थाना कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर चौकी अंतर्गत गोवर्धन चौराहा फ्लाईओवर पर रात करीब 9 बजे हुई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर 2 किमी लंबा जाम लग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार लोडेड ट्रक ने आगे चल रही अपाचे बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए जिसके बाद ट्रक ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। जिससे दोंनो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही कृष्णा नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उनकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को हिरासत में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटवाकर खुलवाया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस आरोपी चालक तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।


