अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के परबतपुरा बाईपास पर स्थित ट्रेवल्स की दुकान से दो मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। पास में लगे सीसीटीवी में दो चोर चोरी कर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। व्यापारी ने मामले की शिकायत आदर्श नगर थाने में दी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। पीड़ित व्यापारी संजय चौधरी ने बताया कि परबतपुरा बाईपास पर उसकी बाबा ट्रेवल्स के नाम से दुकान है। काउंटर पर दो मोबाइल पड़े हुए थे। जिनकी कीमत करीब 45000 रुपए थी। बाइक पर दो बदमाश आए और पहले परचूनी की दुकान से सामान खरीदा गया। पीड़ित ने बताया कि सामान खरीदने के दौरान उन्होंने रेकी की और पास में दुकान पर कोई दिखाई नहीं दिया तो काउंटर से दोनों मोबाइल चोरी कर लिए। करीब 2 मिनट के अंदर दोनों मोबाइल चोरी कर बाइक से फरार हो गए। जब उन्होंने सीसीटीवी चेक किया तो चोरी की वारदात का पता चला था। इसकी शिकायत आदर्श नगर थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


