शामली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में दो फर्जी प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर व्यापारियों और भट्ठा मालिकों से अवैध वसूली करने का आरोप है। स्थानीय व्यापारियों और भट्ठा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इन्हें रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलने पर प्रदूषण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। ये तीनों आरोपी शामली जनपद में फैक्ट्री और भट्ठा मालिकों से पर्यावरण प्रदूषण विभाग के अधिकारी बनकर लाखों रुपये की वसूली कर चुके थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कैराना निवासी आबिद और बागपत जनपद के बड़ौत निवासी ऋषि राज के रूप में हुई है।


