सूदखोरी से परेशान युवक ने की आत्महत्या:आरोपी बोला- “तू मर जा, मैं पैसे भूल जाऊंगा”, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

सूदखोरी से परेशान युवक ने की आत्महत्या:आरोपी बोला- “तू मर जा, मैं पैसे भूल जाऊंगा”, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

ब्यावर में सूदखोरी से परेशान एक युवक ने गुरुवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना देलवाड़ा रोड स्थित चिरमी होटल में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि देलवाड़ा रोड स्थित चिरमी होटल में एक युवक फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान ब्यावर निवासी महेंद्र सिंह शेखावत (43) पुत्र मंगेश सिंह शेखावत के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, होटल मालिक प्रदीप जोधा और अन्य युवक हेमंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल का शटर खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद हेमंत को पीछे के रास्ते से अंदर भेजा गया, जहां उसने महेंद्र सिंह को फंदे पर लटका हुआ पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की सहायता से युवक को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक ने आत्महत्या से पहले एक पत्र लिखकर अपनी आपबीती पारिवारिक व्हाट्सएप ग्रुप में भेजी थी। इस पत्र में उसने सूदखोरों द्वारा 5 प्रतिशत मासिक ब्याज वसूलने से परेशान होने का जिक्र किया है। शहर में सूदखोरों द्वारा ऊंची ब्याज दरों पर पैसा देकर लोगों को आर्थिक जाल में फंसाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसके चलते लोग ऐसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। सुसाइड नोट में महेंद्र सिंह ने फतेहगढ़ सल्ला निवासी मौ. इस्फाक खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि भारी ब्याज और लगातार पैसे की मांग से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। उसने यह भी उल्लेख किया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा उससे चार चेक एवं स्टांप लिखवा लिए गए थे तथा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पत्र में मृतक ने यह भी लिखा कि उसे कहा जाता था कि “तू मर जा, मैं पैसे भूल जाऊंगा”, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही। साथ ही उसने परिवार को भविष्य में परेशान नहीं करने की अपील भी की है।
परिवार में छाया मातम
परिजनों के अनुसार महेंद्र सिंह सुबह घर से निकले थे। बाद में मोबाइल पर संदेश मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। मृतक के बड़े भाई कैलाश सिंह ने बताया कि यदि वह अपनी परेशानी पहले बता देता तो परिवार मिलकर कोई समाधान निकाल सकता था। मृतक अपने पीछे पत्नी एवं दो छोटे बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *