Jaipur retired CE wife dies: राजधानी जयपुर के जगतपुरा इलाके में एक दर्दनाक हादसे में जेल में बंद रिटायर्ड चीफ इंजीनियर दलीप कुमार गौड़ की पत्नी की आठवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना से अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 7.15 बजे जगतपुरा स्थित वृंदा गार्डन अपार्टमेंट की है। मृतका उर्मिला गौड़ सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच अपने फ्लैट की बालकनी में किसी काम से गई थीं। तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं।
बता दें कि आवाज सुनकर उनके पुत्र मधुसूदन गौड़ और मौसेरे भाई डॉ. हर्ष तेज बालकनी की ओर पहुंचे। नीचे पहुंचने पर आसपास सुबह की सैर कर रहे लोग भी एकत्रित हो गए। सभी की मदद से महिला को तुरंत जयपुरिया हॉस्पिटल, मालवीय नगर ले जाया गया।
यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमाॉर्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया।
तनाव और डिप्रेशन से गुजर रही थीं
परिजनों ने बताया कि मृतका पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही थीं। विशेष रूप से उनके पति, दलीप कुमार गौड़, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता (तकनीकी), पीएचईडी, को 17 फरवरी 2026 को जल जीवन मिशन घोटाले में एसीबी की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद वे गहरे सदमे में थीं। उनका मानसिक चिकित्सक से उपचार भी चल रहा था। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


