चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। भंवरी बाजार के पास एक ट्रैक्टर पलटने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान अल्ली उर्फ फूलचंद (पुत्र मुंशी) और श्यामलाल के रूप में हुई है। ये दोनों कौशांबी जिले के खुर्रमपुर करी गांव के निवासी थे। परिजन के अनुसार, दोनों युवक धन दरई मशीन के साथ काम के सिलसिले में चित्रकूट आए थे और यहीं मजदूरी कर रहे थे। बुधवार देर रात दोनों मजदूर ट्रैक्टर से भंवरी बाजार की ओर सामान लेने जा रहे थे। रास्ते में बाजार पहुंचने से पहले ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। रैपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे चित्रकूट के लिए रवाना हो गए। रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


