बांसवाड़ा के मोटा गांव थाना क्षेत्र में बुधवार की रात बोरदा रोड पर सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 2 चचेरे भाई गंभीर घायल हुए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीछे से ट्रैक्टर ने मारी टक्कर परिजनों के अनुसार बोरदा निवासी नंदू (23) पुत्र शंभूलाल मकवाना और उसका चचेरा भाई विक्रम (24) पुत्र लक्ष्मण मकवाना देर रात करगसिया से अपने घर लौट रहे थे। बोरदा रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। हादसे में दोनों युवकों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार अंदरूनी चोट भी गंभीर थी, जिससे उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से दोनों को गनोड़ा के स्थानीय हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल बांसवाड़ा रेफर किया गया।
नंदू ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। विक्रम की हालत भी गंभीर थी और उसने गुरुवार तड़के करीब 4 बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई मोटा गांव थाना पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।


