‘हार्दिक से कुछ ज्यादा ही उम्मीद लगाई जा रही है’, पंड्या की खराब कप्तानी और फॉर्म पर अश्विन का बड़ा बयान

‘हार्दिक से कुछ ज्यादा ही उम्मीद लगाई जा रही है’, पंड्या की खराब कप्तानी और फॉर्म पर अश्विन का बड़ा बयान

R Ashwin on Hardik Pandya: धर्मशाला में PBKS के खिलाफ मैच से हार्दिक पंड्या के बाहर होने और उनकी खराब फॉर्म पर आर अश्विन ने चुप्पी तोड़ी है। क्या हार्दिक की कप्तानी ही MI की हार का कारण है? जानें अश्विन का चौंकाने वाला खुलासा। 

R Ashwin on Hardik Pandya Captaincy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) और हार्दिक पंड्या के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हो रहा है। टीम लगातार हार रही है और हार्दिक न तो बल्ले से कमाल कर पा रहे हैं, न ही कप्तानी से। ऊपर से चोट (Injury) ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। हाल ही में धर्मशाला में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हुए मैच में भी हार्दिक मैदान पर नजर नहीं आए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

क्या सच में हार्दिक की कप्तानी खराब है?

दिग्गज स्पिनर आर. अश्विन ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए हार्दिक का बचाव किया है। अश्विन का मानना है कि किसी एक खिलाड़ी या कप्तान पर हार का ठीकरा फोड़ना गलत है। अश्विन ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो जब सीजन इतना खराब जा रहा हो, तो सिर्फ कप्तान को दोष देना नाइंसाफी है। पूरी टीम ही परफॉर्म नहीं कर पा रही है। जब कोई साथ नहीं दे रहा, तो आप अकेले हार्दिक से कितनी उम्मीद करेंगे?’

अश्विन ने याद दिलाया कि हार्दिक ने गुजरात टाइटंस (GT) के साथ दो शानदार सीजन बिताए थे, जिससे साबित होता है कि उनमें लीडरशिप क्वालिटी है। लेकिन मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा जैसे बड़े कप्तान की जगह लेना और फिर फैंस के गुस्से का सामना करना आसान नहीं होता। अश्विन की सलाह है कि हार्दिक को इन सब शोर-शराबे से बचने के लिए अपनी चमड़ी मोटी कर लेनी चाहिए।

फॉर्म और फिटनेस पर उठे सवाल

सिर्फ कप्तानी ही नहीं, हार्दिक की बल्लेबाजी पर भी अश्विन ने एक अजीब बात नोटिस की है। अश्विन के मुताबिक, हार्दिक गेंद को खेलने में लेट (Late) हो रहे हैं। उन्हें शक है कि कहीं हार्दिक को कोई शारीरिक दिक्कत तो नहीं है? बैटिंग की बात करे तो हार्दिक ने 8 पारियों में अब तक सिर्फ 146 रन बनाए हैं (औसत 20.85)। बॉलिंग में उन्होंने 11.90 की इकोनॉमी से रन लुटाए हैं और सिर्फ 4 विकेट लिए हैं। धर्मशाला और रायपुर के मैचों में न खेल पाना उनके बैक इश्यू (पीठ की समस्या) की तरफ इशारा करता है।

शार्दुल ठाकुर ने भी दिया साथ

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ने भी हार्दिक का समर्थन किया है। धर्मशाला में जीत के बाद शार्दुल ने कहा कि सोशल मीडिया पर बहुत सी बातें होती हैं, जिनमें से कुछ सही होती हैं और कुछ गलत। उन्होंने उम्मीद जताई कि हार्दिक अगले बुधवार को कोलकाता (KKR) के खिलाफ मैच में वापसी करेंगे।

बता दें कि हार्दिक ही नहीं, बल्कि सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह के लिए भी यह सीजन साधारण रहा है। लेकिन सारा ध्यान हार्दिक पर इसलिए है क्योंकि वह कप्तान हैं। अश्विन का मानना है कि हार्दिक एक वन्स-इन-ए-जेनरेशन खिलाड़ी हैं और उनकी फॉर्म वापस आएगी, बस उन्हें थोड़ा समय और सपोर्ट की जरूरत है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *