Titan के नतीजों से Stock Market में धूम, Share रॉकेट बना, 35% बढ़ा Profit

Titan के नतीजों से Stock Market में धूम, Share रॉकेट बना, 35% बढ़ा Profit
टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। बता दें कि कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर करीब 1179 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, कंपनी की कुल आय में भी जबरदस्त उछाल देखा गया और यह लगभग 46 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है।
गौरतलब है कि यह टाइटन के इतिहास के सबसे मजबूत तिमाही प्रदर्शन में से एक माना जा रहा है। नतीजों के बाद कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 15 रुपये का लाभांश देने की सिफारिश की है, जो अभी शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू होगा। नतीजों के तुरंत बाद बाजार में भी कंपनी के शेयरों में तेजी देखी गई और टाइटन का शेयर करीब 6.3 प्रतिशत उछलकर 4579 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
मौजूद जानकारी के अनुसार, कंपनी की आय में यह तेज वृद्धि मुख्य रूप से उसके आभूषण कारोबार की मजबूत मांग और घड़ी खंड में स्थिर प्रदर्शन के कारण हुई है। केवल आभूषण कारोबार की आय ही सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़कर करीब 18,195 करोड़ रुपये रही है, जिसमें बुलियन और डिजिटल गोल्ड की बिक्री शामिल नहीं है।
भारत में आभूषण कारोबार की आय 46 प्रतिशत बढ़कर 17,114 करोड़ रुपये तक पहुंची, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह कारोबार 174 प्रतिशत बढ़कर 1081 करोड़ रुपये रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान कंपनी ने भारत में कुल 27 नए स्टोर जोड़े हैं, जिनमें तनिष्क, मिया और कारटलेन ब्रांड के स्टोर शामिल हैं। इसके साथ ही खाड़ी देशों में भी कंपनी ने नए स्टोर खोले हैं।
गौरतलब है कि टाइटन ने इसी अवधि में जीसीसी क्षेत्र की बड़ी ज्वैलरी कंपनी दमास में 67 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण भी पूरा किया है, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी और मजबूत हुई है। घड़ी कारोबार में भी 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि स्मार्ट वॉच सेगमेंट में गिरावट देखने को मिली है। वहीं, आईवियर सेगमेंट में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी के अन्य व्यवसाय जैसे परफ्यूम, बैग और परिधान सेगमेंट में भी अलग-अलग स्तर पर प्रदर्शन देखने को मिला है।
पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी की कुल आय 33 प्रतिशत बढ़कर 76,078 करोड़ रुपये रही, जबकि शुद्ध लाभ 52 प्रतिशत बढ़कर 5073 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय चावला ने कहा कि यह साल टाइटन के लिए ऐतिहासिक रहा है और कंपनी आगे भी अपनी ब्रांड ताकत और ग्राहक भरोसे को और मजबूत करने पर ध्यान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *