बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मुंबई से दिल्ली की ओर भाग रहे थे और बताया जा रहा है कि इनकी योजना नेपाल जाने की थी। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि हमले की साजिश किसने रची, आरोपियों को अभिनेता की गतिविधियों की जानकारी कैसे मिली और वारदात के पीछे उनका मकसद क्या था।
हम आपको बता दें कि गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत जिले के दो युवक और बिहार का एक युवक शामिल है, जो मुंबई में रह रहा था। आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, 18 वर्षीय रेहान और एक नाबालिग के रूप में हुई है। ऋतिक मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहकर रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, तीनों वारदात के बाद से फरार थे और उनकी तलाश में मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं।
इसे भी पढ़ें: Tiger Shroff firing case: Kota Police का खुलासा, Lawrence Bishnoi गैंग से जुड़े आरोपी, Nepal भागने की फिराक में थे
हम आपको बता दें कि रविवार शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इस घटना में अभिनेता सीधे गोली लगने से बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आईं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना के बाद टाइगर के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। शिंदे के मुताबिक, बारूद और कांच के टुकड़ों से अभिनेता के बाएं हाथ में चोट आई। उन्होंने बताया कि टाइगर और उनकी मां आयशा श्रॉफ घटना से सदमे में थे। राज्य सरकार की ओर से उन्हें सुरक्षा और सहयोग का भरोसा भी दिया गया।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों को टाइगर के रविवार को नियमित रूप से फुटबॉल खेलने आने की जानकारी थी। आशंका है कि उन्होंने वारदात से पहले इलाके की रेकी की और अभिनेता की दिनचर्या पर नजर रखी। फायरिंग के बाद आरोपियों के एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और फिर ट्रेन से बोरीवली की ओर रवाना हुए। जांचकर्ताओं को आशंका थी कि वे गुजरात के रास्ते पुलिस से बचने की कोशिश कर सकते हैं। इसी सिलसिले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात में भी तलाश तेज की थी।
दूसरी ओर, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। वहां बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन तैनात देखे गए।
हम आपको बता दें कि इस मामले में तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने या उन पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जांच का अगला फोकस हमले के पीछे की साजिश, आरोपियों के संभावित संपर्कों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत का पता लगाने पर है।

