Tiger Shroff की कार पर गोलीबारी मामले में पकड़े गए 3 आरोपी, Mumbai Police मंगलवार को कोटा से लाएगी

Tiger Shroff की कार पर गोलीबारी मामले में पकड़े गए 3 आरोपी, Mumbai Police मंगलवार को कोटा से लाएगी

अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी करने के मामले में आरोपी तीन लोगों को हिरासत में लेने वाली मुंबई पुलिस की टीम ट्रांजिट रिमांड मिलने के बावजूद रात भर कोटा में रुकी रही। टीम ने सोमवार शाम आवश्यक अनुमति मिलने के बाद रात में यात्रा करने से बचने के लिए कोटा में ही रुकने का फैसला किया। टीम मंगलवार को मुंबई लौटेगी।

तीनों आरोपियों को जिस रेलवे कॉलोनी पुलिस थाने में रखा गया है, उसके थाना प्रभारी रामस्वरूप ने बताया कि रातभर कड़ी निगरानी रखी गई। उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि यह घटना बहुत गंभीर है इसलिए सामान्य प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है। मैं पूरी रात यहीं मौजूद था।

सीसीटीवी कैमरे सीधे पुलिस मुख्यालय से जुड़े हुए हैं।’’
स्थानीय पुलिस ने सोमवार सुबह कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से इन तीनों को पकड़ा। इनमें से दो की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है।

कोटा सिटी पुलिस ने उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया जिसने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। अदालत ने उन्हें मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड दे दी। पुलिस के अनुसार रेहान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था।

इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली है। रविवार शाम को मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। अभिनेता बाल-बाल बच गए जबकि उनका ड्राइवर और वहां मौजूद एक राहगीर घायल हो गए।

मुंबई पुलिस के मुताबिक कार पर पांच से छह गोलियां चलाई गईं। हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली। आरोपी सूरत भाग गए और वहां से जयपुर जाने वाली एक ट्रेन में सवार हो गए।

योजना के अनुसार, इन तीनों को बस से दिल्ली जाना था और फिर वहां से वे नेपाल भागने वाले थे। मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *