हाथरस में आंधी-बारिश से तीन की मौत:दो बच्चों पर मकान की जर्जर दीवार गिरी, खेत में पड़े गिरने से बुजुर्ग की गई जान

हाथरस में आंधी-बारिश से तीन की मौत:दो बच्चों पर मकान की जर्जर दीवार गिरी, खेत में पड़े गिरने से बुजुर्ग की गई जान

हाथरस में तेज आंधी-बारिश के कारण दीवार और पेड़ गिरने से दो मासूम बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 10 बकरियां भी मारी गईं। यह घटना सादाबाद और मुरसान क्षेत्रों में हुई। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है। सादाबाद क्षेत्र के गांव बिलारा में गुरुवार की देर शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक निर्माणाधीन मकान की पुरानी दीवार ढह गई। यह मकान किसान जयप्रकाश उर्फ लल्लू पुत्र एदल सिंह का था। दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर जयप्रकाश की 10 वर्षीय बेटी नेहा और पड़ोसी जितेंद्र के नौ वर्षीय बेटे मनीष की मौत हो गई। नेहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीष ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी। मुरसान क्षेत्र के गांव बर्द्धवारी में एक अन्य घटना में, 52 वर्षीय खजान सिंह खेत में बकरियां चरा रहे थे। तेज आंधी के कारण एक पेड़ उन पर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 10 बकरियां भी मारी गईं। क्रिकेट मैच खेल रहे युवक घायल इसी तरह, मुरसान क्षेत्र के गांव नगला बाबू में क्रिकेट खेल रहे विवेक (24), रोहित (22), मंजीत (22), काके (25) और वहां बैठे महाराज सिंह (45) भी आंधी के मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *