सीहोर जिले के कांकर खेड़ा में चोरों के एक गिरोह ने भेड़-बकरियों के डेरे पर हमला कर 40 भेड़ें चुरा लीं। यह घटना 17 मई की रात को हुई। पीड़ित पशुपालक विष्णु पिता दीपा देवासी ने इछावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि बदमाश पिकअप ट्रक में आए थे और उन्होंने चरवाहों को डरा-धमकाकर दहशत फैलाई। हथियार दिखाकर चोर डेरे से 40 बड़ी भेड़ों को ट्रक में भरकर ले गए। विरोध करने पर चरवाहे विष्णु के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गए। न्याय की मांग को लेकर कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन
इस घटना के बाद मंगलवार को राजस्थानी पशु पालक संगठन के अध्यक्ष अशोक देवासी भोंगरा ने पीड़ित भेड़ पालक को न्याय दिलाने और चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से भेड़पालकों की लगभग 500 भेड़ें चोरी हो चुकी हैं। विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शिकायत के अनुसार, चोरों का एक संगठित गिरोह 8-10 लोगों के साथ डेरों पर हमला करता है और भेड़ों को वाहनों में भरकर ले जाता है। ये चोर मुख्य मार्गों के बजाय सुनसान रास्तों का उपयोग करते हैं। फरियादी ने प्रशासन से एफआईआर दर्ज करने, संदिग्ध वाहनों और चोरी हुई 40 भेड़ों को बरामद कर वापस दिलाने की मांग की है।


