मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आवेदन की रफ्तार धीमी रहने के कारण आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी गई है। यह तीसरा मौका है, जब परीक्षा के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ाई गई है। अब अभ्यर्थी 11 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान 12 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। TET के लिए आवेदन की प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हुई थी। अब तक करीब 22 हजार आवेदन ही जमा हुए हैं। इनमें सरकारी शिक्षकों की संख्या करीब 4 हजार है। आवेदन की कम संख्या को देखते हुए ही अंतिम तारीख बढ़ाने का फैसला लिया गया है। 1.5 लाख सरकारी शिक्षक दायरे में आने की संभावना इस परीक्षा को लेकर सबसे ज्यादा असर प्रदेश के सरकारी शिक्षकों पर पड़ना है। अनुमान के मुताबिक करीब 1.5 लाख सरकारी शिक्षक TET के दायरे में आ सकते हैं। ऐसे में अब तक केवल करीब 4 हजार सरकारी शिक्षकों के आवेदन आने से परीक्षा को लेकर शिक्षकों की प्रतिक्रिया चर्चा में है। सेवा में पहले से कार्यरत शिक्षकों को लेकर विरोध सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता लंबे समय से शिक्षक संगठनों के विरोध का विषय रही है। विभिन्न शिक्षक संगठन मांग करते रहे हैं कि वर्षों से पढ़ा रहे शिक्षकों की पूर्व सेवा को उनकी पात्रता में शामिल किया जाए और लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को TET से छूट दी जाए। शिक्षक संगठनों का तर्क है कि जो शिक्षक कई वर्षों से सरकारी स्कूलों में अध्यापन कर रहे हैं, उनकी सेवा और अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा पात्रता परीक्षा के दायरे में नहीं लाया जाना चाहिए। लगातार आंदोलन कर रहे शिक्षक मध्यप्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर सरकार और शिक्षक संगठनों के बीच टकराव जारी है। एक तरफ परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख लगातार बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ ‘मध्यप्रदेश अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा’ के बैनर तले शिक्षक TET की अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को भोपाल संभाग के शिक्षकों ने भी धरना देकर विरोध दर्ज कराया। TET के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हुई थी। शुरुआत में आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर रखी गई थी। पर्याप्त संख्या में आवेदन नहीं आने के बाद इसे बढ़ाकर 18 सितंबर किया गया। इसके बाद दूसरी बार तारीख बढ़ाकर 5 अक्टूबर की गई। सोमवार को 5 अक्टूबर को आवेदन की अंतिम तारीख समाप्त होने से पहले इसे एक बार फिर बढ़ाकर 11 अक्टूबर कर दिया गया। अब शिक्षक 11 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे और आवेदन में संशोधन के लिए 12 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।

