अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में चोरी के शक में एक महिला की बेरहमी से मारपीट किए जाने के बाद मौत (Woman murder) हो गई। पड़ोस में रहने वाले युवक ने गुरुवार की सुबह 20 हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाकर महिला की डंडे से बेदम पिटाई की थी। मारपीट में महिला का पैर टूट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। कई घंटे तक घायल अवस्था में पड़े रहने व समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। आरोपी ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है। जब वह पहुंचा तो उसकी मौत हो चुकी थी। जिंदा होने की आस में वह उसे अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी मानकी उर्फ संतोषी पति संतोष यादव 27 अगस्त की सुबह अपने घर में थी। इसी दौरान पड़ोसी संजय चौहान पिता स्व. फूलसाय चौहान 36 वर्ष वहां आया और उस पर घर से 20 हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट (Brutally beaten) शुरु कर दी।
महिला ने कहा कि उसने चोरी नहीं की है, लेकिन वह उसे पीटता रहा। फिर उसने डंडे से भी उसकी बेदम पिटाई कर दी। इससे उसका एक पैर टूट गया तथा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। 4-5 घंटे बाद संजय चौहान ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है। पति जब मौके पर पहुंचा तो महिला की मौत (Woman died in house) हो चुकी थी। पति ने जब पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि संजय चौहान ने चोरी का आरोप लगाकर उसे डंडे से बेदम पीटा है।
Woman murder in Surguja: अंतिम संस्कार की कर रहा था तैयारी
महिला की मौत (Death case) के बाद घटना को छिपाने के लिए आरोपी द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने का भी आरोप है। इधर मोहल्लेवासियों की सूचना पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पीएम रिपोर्ट में प्रथमदृष्ट्या गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि की गई।
मामले में मृतका के पति की रिपोर्ट पर सीतापुर पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

