Surat News: गणेश विसर्जन से लौट रहे 18 साल के युवक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

Surat News: गणेश विसर्जन से लौट रहे 18 साल के युवक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

Dummas Tractor Accident: गणेश विसर्जन का उल्लास उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब बाप्पा को विदा कर लौट रहे एक 18 साल के युवक की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। डुमस समुद्र तट पर विसर्जन की विधि पूरी कर ट्रैक्टर से घर लौट रहा अश्विन मेसुरिया अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें

जानकारी के मुताबिक, अश्विन अपने दोस्तों और पड़ोसियों के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने डुमस गया था। विसर्जन के बाद सभी लोग ट्रैक्टर में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से अश्विन चलते ट्रैक्टर से सीधे सड़क पर आ गिरा। हादसे में उसके कमर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सड़क पर लहूलुहान पड़े अश्विन को देखकर दोस्तों में हड़कंप मच गया। वे तुरंत उसे इलाज के लिए सूरत के न्यू सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों पर दुखों का पहाड़

डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन चोटें ज्यादा गहरी होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर डुमस थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने फिलहाल हादसे का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन युवकों की दर्दनाक मौत

इससे पहले सूरत जिले की कामरेज तहसील में स्थित धोरण पारडी गांव में तापी नदी के किनारे गणेश विसर्जन के दौरान एक बेहद दुखद घटना घटी है। तापी नदी में एक नाव पलटने और पानी में डूबने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके और खासकर भरवाड़ समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार गणेश विसर्जन के लिए तापी नदी में गई नाव में लगभग पांच लोग सवार थे। अचानक नाव पलटने से सभी लोग गहरे पानी में डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और बचाव दल ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। जबकि अन्य तीन लोगों को नदी से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी दीनबंधु अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने इन तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *