Surat Crime: चलती ट्रेन से मोबाइल झपटने की कोशिश, यात्री की गिरकर मौत, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

Surat Crime: चलती ट्रेन से मोबाइल झपटने की कोशिश, यात्री की गिरकर मौत, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

सूरत। सूरत-अंकलेश्वर सेक्शन के पानोली रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में सफर कर रहे यात्री से मोबाइल झपटने के दौरान हुई मौत के मामले में रेलवे पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी अंतरराज्यीय शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गुजरात और महाराष्ट्र में चोरी, लूट और आगजनी समेत 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी वर्ष 2023 में पासा के तहत साबरमती जेल भी जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, हादसा गत 4 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे पानोली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुआ था। राजस्थान निवासी अशोककुमार जयसिंह गुर्जर ट्रेन से सूरत आ रहे थे। ट्रेन जब स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही थी, तब अशोक दरवाजे के पास बैठकर मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से अशोक संतुलन खो बैठे और ट्रेन से नीचे गिर गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के रिश्तेदार मुकेश गुर्जर की शिकायत पर भरूच रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज किया था। आरोपी अज्ञात थे और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। ऐसे में पुलिस के लिए उन्हें पकड़ना चुनौती बना हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

मामले का पर्दाफाश करने के लिए पश्चिम रेलवे (सूरत-वडोदरा यूनिट) की एलसीबी और एसओजी सूरत की टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने पानोली स्टेशन और आसपास के ग्रामीण इलाकों के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सामने आए संदिग्धों के चेहरों के आधार पर रेलवे स्टेशनों पर फेरी लगाने वालों और स्थानीय मजदूरों से पूछताछ की गई। इसी दौरान एलसीबी के हेड कांस्टेबल मेहुलभाई वशरामभाई, प्रवीण रघुनाथ और कांस्टेबल निलेश अरविंदभाई को मिली गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

महाराष्ट्र का शातिर अपराधी

पुलिस ने मुख्य आरोपी 26 वर्षीय ईश्वर उर्फ जहांगीर उर्फ सुनील पुत्र नानाभाई बागुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के धुलिया जिले के दोंडाइचा का रहने वाला है। वह वर्तमान में सूरत के नानपुरा-अठवालाइंस इलाके में फुटपाथ पर रहकर मजदूरी की आड़ में अपराध करता था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने पानोली स्टेशन की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसने मोबाइल चोरी की छह अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। आरोपी महाराष्ट्र के नंदुरबार रेलवे पुलिस स्टेशन में वर्ष 2025 में दर्ज एक मामले में भी वांछित था।

दूसरे साथी को भी दबोचा

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथी 39 वर्षीय राकेश रामदास वसावा निवासी अंकलेश्वर को भी गिरफ्तार कर लिया। रेलवे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पानोली समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर उन्होंने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही चोरी के मोबाइल खरीदने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *