Surat Crime: इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स वाली सिमरन की एक रील ने मचाया बवाल, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

Surat Crime: इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स वाली सिमरन की एक रील ने मचाया बवाल, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

सूरत। इंस्टाग्राम पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स वाली 47 वर्षीय महिला को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर वाले 500 रुपए के नोट का आपत्तिजनक तरीके से इस्तेमाल कर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूरत साइबर क्राइम ब्रांच ने महिला के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार महिला की पहचान सिमरन पटेल के रूप में हुई है। वह सूरत के अडाजण इलाके में रहती है और गृहिणी है।

इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया

पुलिस के अनुसार महिला ने 1 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे से शाम छह बजे के बीच अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया था। साइबर क्राइम ब्रांच के अनुसार वीडियो में 500 रुपए के नोट पर छपी महात्मा गांधी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का आरोप है कि तस्वीर को अश्लील और आपत्तिजनक बयानों के साथ जोड़ा गया। वीडियो इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से पोस्ट किया गया था, जिससे दूसरे लोग भी उसे देख सकते थे। वीडियो सामने आने के बाद एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाने में सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम, 2008 की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध डॉ. करणराज वाघेला और साइबर सेल की पुलिस उपायुक्त विशाखा जैन के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस निरीक्षक एनआर पटेल और उनकी टीम ने तकनीकी जांच के जरिए इंस्टाग्राम अकाउंट को संचालित करने वाली महिला की पहचान की। जांच में सिमरन पटेल की पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं।

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को दी सलाह

साइबर क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि किसी भी रील या पोस्ट को उसकी सच्चाई की जांच किए बिना आगे प्रसारित न करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी सामग्री से सामाजिक तनाव पैदा हो सकता है। पुलिस ने लोगों से आपत्तिजनक या फर्जी सामग्री मिलने पर नजदीकी पुलिस थाने को सूचना देने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रपुरुषों, धार्मिक प्रतीकों या सामाजिक प्रतीकों से जुड़ी अश्लील, आपत्तिजनक या अपमानजनक सामग्री बनाना और साझा करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *