दशहरे के मौके पर मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों बंद रहेंगे। ऐसे में शेयर खरीदने और बेचने वाले निवेशकों को अपनी ट्रेडिंग की योजना पहले से बनानी होगी। बाजार में सामान्य कारोबार बुधवार, 21 अक्टूबर से फिर से शुरू होगा। इस छुट्टी का असर केवल शेयरों की खरीद-बिक्री पर ही नहीं पड़ेगा। इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) और करेंसी डेरिवेटिव्स में भी कारोबार बंद रहेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGR) सेगमेंट में भी ट्रेडिंग नहीं होगी।
दशहरे के बाद कब-कब बंद रहेगा शेयर बाजार
दशहरे के बाद 10 नवंबर 2026 को दिवाली के चलते शेयर बाजार बंद रहेगा। इसके बाद 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जयंती के चलते शेयर बाजार बंद रहेगा। इसके बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस के चलते शेयर बाजार की छुट्टी होगी।
MCX पर होगी या नहीं ट्रेडिंग?
एमसीएक्स एक्सचेंज पर सुबह का सेशन 20 अक्टूबर को बंद रहेगा। दशहरे के चलते इस सेशन में ट्रेडिंग नहीं होगी। हालांकि, शाम का सेशन ओपन रहेगा। शाम का सेशन शाम 5 बजे से रात साढ़े 11 बचे तक चलता है।
बैंकों में कब रहेगी छुट्टी
बैंकों की छुट्टियां राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हो सकती हैं। 20 अक्टूबर को दशहरा/विजयादशमी/महानवमी के चलते गंगटोक और इंफाल को छोड़कर ज्यादातर प्रमुख शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 21 अक्टूबर को अगरतला, बेंगलुरु, गंगटोक, गुवाहाटी, कोच्चि, कोलकाता और तिरुवनंतपुरम में दशहरे के चलते बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
शुक्रवार को बाजार में आई थी तेजी
इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी दर्ज हुई थी। आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सपोर्ट दिया। टेक महिंद्रा के दूसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहने के बाद आईटी शेयरों में खास उत्साह रहा। बीएसई सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56% चढ़कर 74,729.27 पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी 148.80 अंक यानी 0.65% की बढ़त के साथ 23,146.15 पर बंद हुआ। आईटी शेयरों में तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निफ्टी आईटी इंडेक्स 3.92% उछलकर 31,924.10 पर बंद हुआ। यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र था, जब इस इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई।

