Sriganganagar Murder: पड़ोसी से पत्नी के प्रेम संबंध, प्रेमी ने पति को उतारा मौत के घाट, गला घोंटकर सिर पर मारी ईंट

Sriganganagar Murder: पड़ोसी से पत्नी के प्रेम संबंध, प्रेमी ने पति को उतारा मौत के घाट, गला घोंटकर सिर पर मारी ईंट

Wife’s Lover Killed Husband: श्रीगंगानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पड़ोसी युवक से पत्नी के प्रेम संबंध पति की हत्या का कारण बन गए। प्रेम-प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और सिर पर ईंट से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मजदूरी पर जाने के बाद नहीं लौटा घर

जांच अधिकारी उप निरीक्षक रामेश्वर लाल विश्नोई ने बताया कि 13 जनवरी को भजनलाल नायक नई मंडी घड़साना में मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक भजनलाल और आरोपी प्रभुदयाल नायक आपस में पड़ोसी हैं और चक 4 जेडडब्ल्यूएम बेहवाला के रहने वाले हैं।

अवैध संबंधों को लेकर होती थी कहासुनी

पुलिस जांच में सामने आया कि भजनलाल की पत्नी इंदिरा देवी और पड़ोसी प्रभुदयाल के बीच प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर भजनलाल और प्रभुदयाल के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था। पुलिस के अनुसार, पति द्वारा विरोध किए जाने से नाराज इंदिरा और प्रभुदयाल ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

सुनसान जगह ले जाकर की हत्या

योजना के तहत आरोपियों ने भजनलाल को एक सुनसान स्थान पर रोका। वहां रस्सी से उसका गला घोंटा गया। इसके बाद सिर पर ईंट से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

अदालत में पेश, रिमांड पर भेजा

मंगलवार को पुलिस ने आरोपी प्रभुदयाल नायक और इंदिरा देवी को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने प्रभुदयाल को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि इंदिरा देवी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। इस मामले में एक किशोर की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसे निरुद्ध कर बुधवार को गंगानगर कल्याण बोर्ड भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *