रसायन बनाने वाली कंपनी एसआरएफ लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 509.12 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने साथ ही मध्य प्रदेश में बैटरी-ग्रेड एल्युमीनियम फॉइल विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए 600 करोड़ रुपये के निवेश की भी घोषणा की। एसआरएफ लिमिटेड का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 388.18 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 4,929.14 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 3,665.90 करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 1,267.99 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 820.50 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों में कंपनी की कुल आय बढ़कर 9,996.31 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 7,513.64 करोड़ रुपये थी।
एसआरएफ लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक आशीष भरत राम ने कहा, ‘‘अनिश्चित और उतार-चढ़ाव वाले वैश्विक माहौल के बावजूद हमारे कारोबार ने मजबूत प्रदर्शन किया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उभरते क्षेत्रों में अवसरों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हमारा पूंजीगत व्यय निवेश बेहद मजबूत बना हुआ है, जिससे हम भविष्य के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’’
कंपनी के निदेशक मंडल ने भारत में बैटरी-ग्रेड एल्युमीनियम फॉइल विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए करीब 600 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। प्रस्तावित संयंत्र की कुल उत्पादन क्षमता सालाना 12,000 टन होगी।
यह लिथियम-आयन और सोडियम-आयन दोनों तरह की बैटरियों की जरूरतें पूरी करेगा। इससे ऊर्जा भंडारण और इलेक्ट्रिक परिवहन क्षेत्रों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित संयंत्र मध्य प्रदेश के जेतापुर में उसकी अनुषंगी कंपनी एसआरएफ अल्टेक लिमिटेड के मौजूदा परिसर में स्थापित किया जाएगा।

