मेरठ के कृष्णा नगर डोरली में हुए अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने बुधवार को सपा विधायक अतुल प्रधान पहुंचे। उन्होंने घर का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सोते वक्त घर में लगी थी आग
डोरली के जिस मकान में आग लगी थी, वह सतीश का है। सतीश ने वहां किराएदार छोड़े हुए थे। दो परिवार किराएदार के रूप में यहां रह रहे थे। रविवार आधी रात को जब परिवार सोया था तो मकान में आग लग गई। घर में मौजूद 12 लोग फंस गए। जब तक उन्हें निकाला जाता, तब तक दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। लाखों का सामान जलकर हुआ ख़ाक
मकान में रोहटा निवासी सागर और बना मसूरी निवासी संजय परिवार के साथ रह रहे थे। दमकल और पुलिस की टीमों ने सभी 12 लोगों को मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती किया, जहां सागर और उसकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। अन्य लोगों का तभी से इलाज चल रहा है। शरीर में धुआं घुसने से बिगड़ी हालत
जिस वक्त आग लगी, यह दोनों परिवार एक कमरे में पहुंच गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आग तो उन तक नहीं पहुंच सकी लेकिन कमरे में धुआं भरता चला गया, जिसमें सभी लोग बेहोश हो गए। मंगलवार तक सात लोगों की हालत में सुधार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी। फिलहाल तीन लोगों का उपचार चल रहा है। हादसे वाली जगह पहुंचे सपा विधायक
समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान बुधवार को रोशनपुर डोरली में उस जगह पहुंचे जहां यह हादसा हुआ था। उन्होंने मकान का ताला खुलवाकर पूरे घर को देखा और हादसे पर दुख जताया। अतुल प्रधान के पहुंचने की सूचना पर काफी लोग वहां एकत्र हो गए। सपा विधायक ने उनसे भी बात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों की मदद का भरोसा दिलाया।
जल्द खबर अपडेट होगी…


